भाजपा सरकार के कार्यों को अनुसूचित वर्ग के बीच में पहुंचाएं : धर्मपाल सिंह
कांग्रेस पार्टी ने अनुसूचित वर्ग को धोखा दिया
बुलंदशहर, 12 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा ने बाबा साहेब के सम्मान में किए गए कार्यों के साथ अनुसूचित वर्ग की आर्थिक व सामाजिक विकास तथा राजनैतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए किए गए कार्यों को उन के बीच में पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हमें अनुसूचित वर्ग के बीच में साक्ष्यों के साथ यह बताना होगा कि भाजपा सदैव आरक्षण सहित अनुसूचित वर्ग के सभी संवैधानिक अधिकारों की पक्षधर है। इसके साथ ही हमें कांग्रेस, सपा द्वारा बाबा साहेब के विरोध व अपमान सहित अनुसूचित जाति वर्ग पर किए गए शोषण को भी जनता के दरबार में लेकर पहुंचना है। वह बुलंदशहर के शान्तिदीप गार्डन में अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
प्रदेश संगठन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास की नीति सभी वर्गों और विशेषकर अनुसूचित वर्ग के सामाजिक व आर्थिक उत्थान का माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की प्रत्येक योजना में बिना पक्षपात के गरीब कल्याण का संकल्प निहित है। यही कारण है कि सभी को आवास, हर घर में नल से जल, सभी को राशन, पढ़ाई व ईलाज की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। जिसमें सबसे अधिक लाभान्वित अनुसूचित जाति वर्ग हुआ है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस तथा सपा जैसे मुद्दाविहीन विपक्षी दल झूठ और भ्रम फैलाकर राजनैतिक लाभ लेना चाहते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर का विरोध किया। उनका अंतिम संस्कार भी दिल्ली में नहीं होने दिया गया। जबकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मंच से बाबा साहेब को भू-माफिया कहकर अपमानित किया गया। कांग्रेस ने नेहरू गांधी परिवार की राजनैतिक और आर्थिक उन्नति के लिए अनुसूचित वर्ग का वोट लेकर उनके साथ धोखा करने का काम किया है। कांग्रेस ने 100 से अधिक बार संविधान में संशोधन किया। देश में आपातकाल लागू किया और बाबा साहेब द्वारा लिखित संविधान की आत्मा कही जाने वाली प्रस्तावना को भी संशोधित कर दिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम तुष्टीकरण के ऐजेंडे पर चलने वाली सपा व कांग्रेस ने सदैव राष्ट्रहित तथा अनुसूचित जाति वर्ग के संवैधानिक अधिकारों पर कुठाराघात करने का काम किया। सपा सरकार के समय सबसे अधिक अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार किए गए। उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाया गया। उनके घर, खेत खलिहानों पर कब्जे किए गए। सपा की सरकार में मां, बहन, बेटियों का घर से निकलना दूभर हो गया था। शौहदों के डर से बेटियों ने स्कूल जाना छोड़ दिया था।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा ने बाबा साहेब से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर सच्चे अर्थों में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की है। सभी योजनाओं को गरीब व अनुसूचित वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित किया है। प्रदेश की भाजपा सरकार में सभी के घर, दुकान, प्लॉट, खेत, खलिहान तथा मां, बहन, बेटियों का सम्मान सुरक्षित है। प्रदेश में भयमुक्त वातावरण में निवेश के नए अवसर सृजित हुए है। जिससे युवाओं को रोजगार के रास्ते खुले हैं।———————