खातिरदारी के लिए राशि नहीं देने पर सरपंच व ग्रामीणों पर हुई एफआईआर : दीपक बैज

खातिरदारी के लिए राशि नहीं देने पर सरपंच व ग्रामीणों पर हुई एफआईआर : दीपक बैज

जगदलपुर, 20 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आराेप लगाते हुए कहा कि, अधिकारी सत्तारूढ़ दल के नेताओं और शासकीय अधिकारियों की खातिरदारी करने के लिए ग्रामीणों पर दबाव बनाते हैं और नहीं मानने पर उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवाते हैं।

बैज का कहना है कि, 15 मई को मुख्यमंत्री के बेटी-दामाद (राज्य अतिथि) के प्रवास के दौरान लोहंडीगुड़ा के एसडीएम ने चित्रकोट के सरपंच को फोन कर चित्रकोट के सामने बने पार्किंग नाका के पैसे से मुख्यमंत्री के बेटी-दामाद के लिए मुर्गा, मटन एवं अन्य चीजों की व्यवस्था करने के लिए कहा था। सरपंच ने मना कर दिया, जिससे नाराज लोहंडीगुड़ा एसडीएम ने नोटिस देकर नाका को बंद करने का निर्देश दिया । जबकि पार्किंग नाका चलाना ग्राम पंचायत का अधिकार है ।

दीपक बैज ने कहा कि, 10 सालों से इसे ग्राम पंचायत और उनकी समिति ही नाका चला रही है। नोटिस मिलने के बाद कल सरपंच एवं ग्रामीणों ने कड़ा विरोध प्रदर्शन किया तो उनके खिलाफ 126 (2) – बीएनएस, 189 (2) की धाराएं दर्ज की गई है ।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, मुख्यमंत्री को अपने बेटी-दामाद की खातिरदारी करवानी ही थी तो राज्य सरकार के सत्कार मद से करवा लेते । उन्हाेने कहा कि, चित्रकोट मेरा विधानसभा-लोकसभा क्षेत्र है। मैं स्वयं अपनी तरफ से उनके दामाद की मेहमान नवाजी करवाता, लेकिन एक आदिवासी सरपंच को प्रताड़ित करवाना उचित नहीं है । उन्हाेने कहा कि, बस्तर के ग्रामीणो से जबरन मुर्गा, मटन एवं अन्य व्यवस्थाएं करवाने की परंपरा पर विराम लगना चाहिए । ऐसे शोषण से ही समाज में आक्रोश पैदा होता है, जो व्यवस्था के खिलाफ जनांदोलन का रूप लेता है । चित्रकोट के ग्रामीणों ने इस अन्याय के खिलाफ आंदोलन छेड़ा है । सरकार में बैठे हुए लोग अपनी इन्हीं हरकतों से आदिवासियों के मन में सरकार के खिलाफ अविश्वास पैदा करते है।

—————