दिल्ली में बीस दिनों तक युद्धस्तर पर चलेगा सफाई अभियान : मुख्यमंत्री

दिल्ली में बीस दिनों तक युद्धस्तर पर चलेगा सफाई अभियान : मुख्यमंत्री

– बाजार, स्कूलों और धार्मिक स्थलों पर सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध की घोषणा

नई दिल्ली, 1 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की ट्रिपल इंजन सरकार अगले बीस दिनों तक युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाएगी। इससे दिल्ली में बहुत बड़ा बदलाव दिखाई देगा।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन करते हुए कहा कि आज ट्रिपल इंजन की सरकार के सभी विभागों के अधिकारियों की पहली बार बैठक ली। बैठक में दिल्ली के सभी जिलाधिकारी, पुलिस उपायुक्त, दिल्ली सरकार और निगम के वरिष्ठ अधिकारी रहे। उन्होंने कहा विभाग एक-दूसरे पर आरोप लगाना छोड़कर अपना-अपना काम करना शुरू कर दें। अधिकारी अपने एसी कमरों को छोड़कर क्षेत्र का दौर करके रिपोर्ट दें।

मुख्यमंत्री ने बाजार, स्कूलों और धार्मिक स्थलों पर सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। उन्होंने उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों और 250 निगम वार्डो में विकास काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने दीवारों पर पोस्टर लगाकर और लिखकर गंदा करने वाले पर सख्ती कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकसित दिल्ली अब हकीकत होने जा रही है। दिल्ली को स्वच्छ बनाने की दिशा में ट्रिपल इंजन की सरकार काम कर रही है। दिल्लीवालों को जल्द पता चलेगा कि उनके एक वोट से यहां कितना बदलाव हुआ है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली के हर इलाके में दिन में दो बार सफाई करने निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि इस सफाई की निगरानी उच्च अधिकारी द्वारा की जाए।

—————