फतेहाबाद: फसल खराबे के मुआवजा में गोलमाल पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित 27 पर केस दर्ज
फतेहाबाद, 31 मई (हि.स.)। गांव बड़ोपल में 2021 में बरसात से खराब हुई फसलों का मुआवजा वितरण करने में भारी गोलमाल होने का मामला सामने आया है। इस मामले में सीएम फ्लाइंग द्वारा की गई जांच के बाद अब फतेहाबाद पुलिस ने शनिवार को फतेहाबाद के तत्कालीन तहसीलदार, नायब तहसीलदार के अलावा पांच कानूनगो, एक पटवारी सहित 27 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सीएम फ्लाइंग हिसार एसआई राजेश कुमार ने कहा है कि सीएम फ्लाइंग को फतेहाबाद के गांव बड़ोपल के पटवारी व उसके निजी सहायकों द्वारा कानूनगो, नायब तहसीलदार/तहसीलदार से मिलीभगत करके अपने चहेते किसानों व अन्य लोगों के बीमा क्लेम के फर्जी फार्म भरवाकर मुआवजा राशि निकाली गई है। इस पर सीएम फ्लाइंग ने तहसील कार्यालय फतेहाबाद व सम्बंधित बैंकों में जाकर रिकार्ड की जांच की तो पाया कि फतेहाबाद के गांव बड़ोपल में खरीफ वर्ष 2021 में फसल खराबा की क्षतिपूर्ति हेतु वर्ष 2022 में राज्य सरकार द्वारा प्रभावित किसानों को मुआवजा वितरित करने के लिए 4 करोड़ 25 लाख की राशि तहसीलदार फतेहाबाद के खाते में आई थी। बड़ोपल में वर्ष 2021 में अत्याधिक वर्षा से जलभराव के कारण कुल 4475 ए$क कृषि भूमि में फसल खराब हुई थी। इसमें से कुल 3696 एकड़ कृषि भूमि की 3 करोड़ 51 लाख 18 हजार 895 रुपये की मुआवजा राशि वर्ष 2022 में तहसीलदार फतेहाबाद द्वारा किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी तथा 73 लाख 81 हजार 105 रुपये की राशि तहसीलदार ने वापस भेज दी थी। शिकायत के अनुसार फसल खराबा प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि वितरित करने के लिए राजेन्द्र सिंह पटवारी द्वारा अपने निजी सहायकों कमलजीत व सुंदर उर्फ बिल्ला से किसानों की मुआवजा वितरण लिस्टें तैयार करवाई गई।
सीएम फ्लाइंग अधिकारी ने कहा कि राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग के पत्र अनुसार सिर्फ अबीमित किसानों को 5 एकड़ फसल खराबे का 9500 रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जाना था। राजेन्द्र प्रसाद पटवारी, पिरथी सिंह काकड़ कानूनगो, मंगत राम कानूनगो, राजाराम कानूनगो, सतपाल कानूनगो, बनवारी लाल कानूनगो, राजेश कुमार गर्ग नायब तहसीलदार फतेहाबाद, रण विजय सुलतानियां तत्कालीन तहसीलदार फतेहाबाद द्वारा कमलजीत व राहुल निवासी ढाणी मियां खां, सुरजीत सिंह, सुंदर उर्फ बिल्ला निवासी बड़ोपल के साथ मिलीभगत करके साजिश के तहत मुआवजा वितरण लिस्ट में किसानों के फर्जी नाम लिखकर उनके आगे अपने सहायकों व जानकारों के बैंक खाते लिखकर मुआवजा राशि का गबन किया है।
इस मामले में पुलिस ने राजेन्द्र प्रसाद पटवारी, पिरथी सिंह काकड़ कानूनगो, मंगत राम कानूनगो, राजाराम कानूनगो, सतपाल कानूनगो, बनवारी लाल कानूनगो, राजेश कुमार गर्ग नायब तहसीलदार फतेहाबाद, रण विजय सुलतानियां तहसीलदार फतेहाबाद के अलावा खाराखेड़ी निवासी महाबीर पुत्र मनीराम व रामनिवास पुत्र महाबीर, बड़ोपल निवासी संतरो देवी पत्नी कालूराम, चन्द्रमोहन पुत्र कालूराम, शेर सिंह पुत्र मांगेराम, भतेरी पुत्री मांगेराम, सुमन पुत्री मांगेराम, जगरूप पुत्र शेर सिंह, सुंदर उर्फ बिल्ला पुत्र हंसराज, सुरजीत पुत्र अंतर सिंह, महेन्द्र सिंह पुत्र रामकुमार, सुशील पुत्र जगदीश, ढाणी मियां खां निवासी कमल सिंह पुत्र सुरजप्रकाश, राजपाल पुत्र प्रेम दास, सुमन पत्नी राजपाल, राहुल पुत्र मोहन लाल, काजलहेड़ी निवासी दीपेन्द्र पुत्र धर्मपाल, वकील पुत्र रामनारायण तथा कुसुम पत्नी राजीव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।