दतिया: प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को सौंपेंगे दतिया एयरपोर्ट की सौगात

दतिया: प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को सौंपेंगे दतिया एयरपोर्ट की सौगात

दतिया, 30 मई (हि.स.)। ‘माँ पीताम्बरा पीठ दतिया’ और ‘माँ धूमाबती’ की आध्यात्मिक नगरी दतिया को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार, 31 मई को एयरपोर्ट की सौगात सौपेंगे। प्रधानमंत्री भोपाल में आयोजित ‘महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ के मंच से वर्चअली दतिया एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इस हवाई सेवा के शुरू होने के बाद देश के अलग-अलग शहरों से श्रद्धालु भोपाल के रास्ते दतिया पहुंच सकेंगे। इन दोनों शहरों के बीच हवाई सफर का किराया लगभग एक हजार रुपये बताया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि शक्तिपीठ माँ पीताम्बरा के दर्शनों के लिए देश-विदेश से कई हस्तियां दर्शनों के लिए दतिया पहुंचती हैं। दतिया के लिए सीधे हवाई सेवा नहीं होने से इन श्रद्धालुओं को ग्वालियर और भोपाल पहुंचकर सडक़ या रेलमार्ग से दतिया पहुंचना पड़ता है। समय के अभाव में कई श्रद्धालु यहां नहीं पहुंच पाते हैं। हवाई सेवा शुरू होने से यहां श्रद्धालुओं की संख्या के साथ ही धार्मिक पर्यटन भी विकसित होगा।

उल्‍लेखनीय है कि धार्मिक नगरी दतिया में शनिवार को प्रसिद्ध धार्मिक स्थान माँ धूमावती के दिन देश के विभिन्न शहरों से राजधानी भोपाल होकर दतिया के पीताम्बरा पीठ पहुंचने वाले श्रृद्धालुओं के लिए नई हवाई सेवा की सौगात मिलने जा रही है। यह फ्लाईट सप्ताह में चार दिन मिलेगी। हवाई सेवाओं में दतिया के लिए यह सबसे बढ़ी उपलब्धी होगी। इस सेवा के शुरू होने से दतिया के लोगों को सीधे राजधानी पहुचने का लाभ मिल सकेगा। यहां तक कि लोगों को बागेश्वर धाम के दर्शन करने का भी मौका मिलेगा।

31 मई से एयरपोर्टस शुरू होते ही देश भर के यात्रियों को दतिया की माँ पीताम्बरा पीठ पहुचने के लिए हवाई यात्रा उपलब्ध हो जायेगी।

यहां यह खास बात है कि दतिया के चंहुमुखी विकास और दतिया के कायाकल्प के शिल्पकार पूर्व गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने दतिया हवाई पट्टी की नींव रखी थी। उनके द्वारा बनकर तैयार हवाई पट्टी पर सबसे पहले आठ सीटर हवाई जहाज दतिया में उतरा था, यहां तक कि झांसी से कई बार रेफर मरीजों को लेकर एयर एम्बुलेंस भोपाल और दिल्ली के लिए उड़ान भर चुकी हैं। 60 करोड की लागत से बना यह एयरपोर्ट 124 एकड़ में फैला हुआ है। जिसका रनवे 1.81 किलोमीटर लंबा एवं 30 मीटर चैड़ा है। पार्किंग में लगभग 50 कारें रखी जा सकती है। चैक इन काउन्टर 2 है। यह एयरपोर्ट एटीआर 72 की क्षमता के लिए बनाया गया है। लेकिन अभी जो एयरक्राप्ट उतरेंगे वे 19 सीटर रहेंगे। हफ्ते में चार दिन एयरलाइन फ्लाई बिग की फ्लाइट रहेंगी।

हिन्‍दुस्‍थान समाचार/संतोष

—————