उप मुख्यमंत्री ने सोनपुर-मरोड़ा निर्माणाधीन सड़क की जांच के आदेश काे सोशल मीडिया में किया पोस्ट
जगदलपुर, 15 मई (हि.स.)। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले अंर्तगत सोनपुर – मरोड़ा मार्ग में पीडब्लूडी के निर्माणाधीन सड़क में गुणवत्ताहीन निर्माण की जानकारी प्राप्त होने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण में हुई लापरवाही पर गुणवत्ता हीन निर्माण के जांच के आदेश जारी कर दिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर आदेश कॉपी सार्वजनिक करते हुए, विभागीय जांच के आदेश की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि बस्तर के नारायणपुर-सोनपुर-मरोड़ा मार्ग में एलडब्लूई योजना अन्तर्गत निर्माणाधीन सड़क में लापरवाही और गुणवत्ताहीन कार्य की जानकारी मिली थी ।
विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जांच कमेटी का गठन कर कार्रवाई सुनिश्चित कर दी गई है। बस्तर के विकास के रोडमैप में कोई भी बाधा आए, उस पर शासकीय बुलडोजर चला दिया जाएगा । देश के गृह मंत्री अमित शाह ने जो बस्तर की खुशहाली-तरक्की और शांति के लिए बड़ा लक्ष्य सुनिश्चित किया है, उसे पूरा करने विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी भूमिका है, उसमें कोई लापरवाही कोई गड़बड़ी हमें मंजूर नहीं है। “विकास भी होगा सांय- सांय” “कार्रवाई भी होगी सांय- सांय” ।
—————