स्वास्थ्य मंत्री ने पहले ब्रेन हेल्थ क्लीनिक का किया उद्घाटन, बोले- हर जिले में एक क्लीनिक खोला जाएगा

स्वास्थ्य मंत्री ने पहले ब्रेन हेल्थ क्लीनिक का किया उद्घाटन, बोले- हर जिले में एक क्लीनिक खोला जाएगा

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने शनिवार को द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में पहले ब्रेन हेल्थ क्लीनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस विभाग का उद्देश्य मानसिक और न्यूरोलॉजिकल स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समय पर निदान और उपचार प्रदान करना है।

इस क्लीनिक को नीति आयोग और इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसेज (आईएचबीएएस) के तकनीकी सहयोग से शुरू किया गया है। इस क्लीनिक में स्ट्रोक, मिर्गी, पार्किंसंस, डिमेंशिया और सिरदर्द जैसी न्यूरोलॉजिकल बीमारियों की प्रिवेंशन, जल्दी पहचान, इलाज और कम्युनिटी रिहैबिलिटेशन की सुविधा एक ही जगह पर उपलब्ध है।

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से ब्रेन से जुड़ी समस्याओं के इलाज की अपील की। उन्होंने राजधानी का पहला क्लीनिक अब शुरू हो गया है और जल्द ही हर जिले में एक क्लिनिक खोला जाएगा। मानसिक या ब्रेन हेल्थ से जुड़ी परेशानियों को छिपाएं नहीं, थेरेपी को प्राथमिकता दें।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह क्लीनिक सिर्फ एक सुविधा नहीं बल्कि एक मिशन है। शरीर के स्वास्थ्य में ब्रेन हेल्थ की बहुत बड़ी भूमिका होती है। प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में हम दिल्ली के हेल्थ सिस्टम को वर्ल्ड क्लास बना रहे हैं।

न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर्स दुनियाभर में मौत के दूसरे सबसे बड़े कारण हैं और विकलांगता के लिए भी सबसे अधिक जिम्मेदार माने जाते हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए नीति आयोग ने ब्रेन हेल्थ पर नेशनल टास्क फोर्स बनाई है, जिसकी अगुवाई आईएचबीएएस के डायरेक्टर डॉ राजिंदर कुमार धमीजा कर रहे हैं। यह टास्क फोर्स साइंटिफिक एविडेंस पर आधारित पॉलिसी और उसके एफिशिएंट इंप्लीमेंटेशन को सुनिश्चित करेगी।

दिल्ली सरकार हर जिले में ब्रेन हेल्थ क्लिनिक स्थापित करने जा रही है, जहां कॉग्निटिव स्क्रीनिंग, लाइफस्टाइल काउंसलिंग, और केयरगिवर सपोर्ट ग्रुप्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। आईएचबीएएस इन क्लीनिक्स को टेक्निकल सपोर्ट प्रदान करेगा। टीम को ट्रेनिंग देगा, प्रोटोकाल तैयार करेगा और नियमित निगरानी सुनिश्चित करेगा।

—————