हरियाणा के हिस्से का पानी रोककर घटिया राजनीति कर रही है आआपा : सुनैना चौटाला

हरियाणा के हिस्से का पानी रोककर घटिया राजनीति कर रही है आआपा : सुनैना चौटाला

फतेहाबाद, 6 मई (हि.स.)। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने हरियाणा के हिस्से का पानी रोककर घटिया राजनीति करने का परिचय दिया है। आम आदमी पार्टी के नेता एक तरफ हरियाणा में घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ पंजाब में उनकी सरकार हरियाणा खासकर फतेहाबाद, हिसार और सिरसा क्षेत्र में खेती को बर्बाद करने और लोगों को प्यासा मारने काम कर रही है। केन्द्र सरकार को तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप कर विवाद को हल करवाना चाहिए। यह बात इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने पंजाब की भगवंत मान सरकार द्वारा हरियाणा के हिस्से के नहरी पानी को रोकने के विरोध में मंगलवार को किए गए प्रदर्शन से पूर्व जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश के जल हितों की रक्षा को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं ने आज सुनैना चौटाला के नेतृत्व में सडक़ों पर उतरकर प्रदर्शन किया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इनेलो ने डीसी कार्यालय के बाहर पंजाब के सीएम भगवंत मान का पुतला भी फूंका। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान बीकर सिंह हड़ौली ने की। इस अवसर पर विशेष तौर पर इनेलो महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष तनुजा कुरूक्षेत्र, पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा भी मौजूद रहे। जाट धर्मशाला से प्रदर्शन करते हुए इनेलो नेता व कार्यकर्ता डीसी कार्यालय पहुंचे और डीसी के न होने पर एडीसी को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान सुनैना चौटाला ने कहा कि वर्तमान में हरियाणा को भाखड़ा नहर प्रणाली से मात्र 4 हजार क्यूसिक जल प्राप्त हो रहा है जबकि वास्तव में 8500 क्यूसिक पानी की प्रदेश में प्रत्येक दिन आवश्यकता है। 23 अप्रैल को भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड द्वारा हरियाणा प्रदेश को 8500 क्यूसिक पानी निर्धारित किया गया लेकिन नंगल डैम पर पंजाब सरकार के द्वारा असंवैधानिक, अमानवीय व अनुचित तरीके से ताला जडऩा व चाबियां अपने पास रखना संघीय ढांचे का उल्लंघन है। इनेलो जिलाध्यक्ष बीकर सिंह हड़ौली पंजाब सरकार द्वारा पुलिस बल के माध्यम से भाखड़ा नंगल डैम की चाबियों पर कब्जा करना असंवैधानिक कार्य है। हरियाणा इसको सहन नहीं करेगा। जल वितरण पर लगी अमानवीय व अनुचित रोक को तुरंत हटाये और हरियाणा प्रदेश के हिस्से का पानी दे।