प्रेमी-प्रेमिका ने मंदिर में रचाई शादी
जालौन, 20 मई (हि.स.)। सिरसा कलार में मंगलवार को एक प्रेमी जोड़े ने मंदिर में शादी रचा ली। साहिल और सौम्या गुप्ता ने कथरी माता मंदिर में जयमाला पहनाकर एक-दूजे के हो गए। दोनों के बीच दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था और सोमवार की रात प्रेमिका घर की छत से कूदकर प्रेमी के घर पहुंच गई।
प्रेमिका के पिता रामू ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को थाने में बुलाया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं। इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया। कथरी माता मंदिर में साहिल और सौम्या ने शादी रचा ली। युवक के पिता गोविंद, चाचा कमल सिंह, माँ और अन्य रिश्तेदार मौजूद थे लेकिन प्रेमिका के परिवार का कोई सदस्य नहीं आया। प्रेमी साहिल ने बताया कि दोनों ने मंदिर में शादी कर ली है। अपने रिश्ते को और मजबूती देने अब कोर्ट मैरिज करेंगे।