संकटमोचन मंदिर के महंत के आवास पर चोरी: पुलिस कमिश्नर ने लिया जायजा, 11 टीमों का गठन
वाराणसी, 20 मई (हि.स.)। श्री संकटमोचन मंदिर के महंत और आईआईटी बीएचयू के प्रोफेसर विश्वम्भर नाथ मिश्र के तुलसीघाट स्थित आवास पर हुई बड़ी चोरी की घटना के बाद मंगलवार अपराह्न पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने महंत प्रो. मिश्र और उनके परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली।
महंत की उपस्थिति में पुलिस कमिश्नर ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके पर मौजूद साक्ष्यों की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी और एसीपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से अब तक की गई जांच और पुलिस टीमों के प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने चोरी की त्वरित जांच और खुलासे के लिए कुल 11 टीमों का गठन किया है, जिनमें एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और सर्विलांस टीम भी शामिल हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और धरातलीय जांच दोनों का इस्तेमाल कर तेजी से सुराग जुटाएं।
कमिश्नर ने निर्देश दिया कि घटनास्थल और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहनता से जांच की जाए और साक्ष्य एकत्र करने वाली टीम तेजी से कार्रवाई करे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि चोरी की इस घटना के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच करते हुए जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और चोरी गए आभूषणों एवं नगदी की बरामदगी की जाए।