सड़क हादसे में पिता की मौत, तीन पुत्र घायल
मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की रविवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर होने पर पहले जिला अस्पताल सोनभद्र फिर वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
रामपुर 38 गांव निवासी ओमप्रकाश मिश्रा (48) अपने पुत्र मयंक, प्रशांत और राजू के साथ गांव के एक व्यक्ति की बारात में शामिल होने के लिए सोनभद्र के बसवा गांव गए थे। देर रात को सभी वापस कार से लौट रहे थे। रात 12 बजे कर्मा थाना क्षेत्र के भरकवाह गांव के पास मीरजापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर खड़ी एक ट्रक से उनकी कार पीछे से टकरा गई। हादसे में कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने ओमप्रकाश मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। घायल प्रशांत को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। मयंक और राजू को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।