फरीदाबाद:जल पर राजनीति न करे पंजाब सरकार,केजरीवाल जैसा होगा हश्र : विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर की विकास कार्याे की समीक्षा
फरीदाबाद, 2 मई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पंजाब सरकार को चेतावनी दी है कि वह पानी के मुद्दे पर राजनीति न करे, वरना उनका हश्र भी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि पानी पर राजनीति करना देश और जनता के हित में नहीं है और यह जनता के साथ अन्याय है। विपुल गोयल ने कहा कि दिल्ली में पानी की कमी को लेकर जनता परेशान है और उसी राह पर अगर पंजाब सरकार चली, तो उसे भी जनता का गुस्सा झेलना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जल संकट एक गंभीर विषय है, इसे राजनीतिक फायदा के लिए इस्तेमाल करना गलत है। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक में फरीदाबाद के उपायुक्त विक्रम सिंह यादव, पुलिस कमिश्नर, नगर निगम कमिश्नर समेत सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का प्रमुख उद्देश्य फरीदाबाद में जारी विकास कार्यों की समीक्षा करना और आगामी मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियों का जायजा लेना था। विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की स्थिति से लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि शहर में पिछले सालों में कई जगहों पर जलभराव की समस्या देखने को मिली है, जिससे जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बार पहले से तैयारियां सुनिश्चित की जाए ताकि ऐसी स्थिति फिर उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जो अधिकारी अपने कार्य में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं जो अधिकारी अच्छा कार्य करेगा, उसे रिवॉर्ड भी दिया जाएगा।