भाषण प्रतियाेगिता में आशीष व रफत ने मारी बाजी

भाषण प्रतियाेगिता में आशीष व रफत ने मारी बाजी

नैनीताल, 22 मई (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर नैनीताल प्राणी उद्यान के सभागार में गुरुवार को प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राणी उद्यान के निदेशक एवं नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी चन्द्रशेखर जोशी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में दक्षिणी कुमाऊँ वृत्त के वन संरक्षक टीआर बीजूलाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में आयोजित प्रश्नोत्तरी के पहले चरण में प्रतिभागियों को वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र हल करने को दिया गया, जबकि द्वितीय चरण में चयनित छह विद्यालयों के प्रतिभागियों के बीच मौखिक प्रतियोगिता कराई गई। इसमें एलपीएस यानी लौंग व्यू पब्लिक स्कूल प्रथम, बिड़ला विद्या मंदिर द्वितीय, मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर तृतीय एवं कुंदन लाल साह कन्या इंटर कॉलेज चतुर्थ स्थान पर रहा।

वहीं द्वितीय सत्र में ‘‘प्रकृति के साथ सामंजस्य और सतत विकास’’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में राफिया रफत और आशीष सिंह रावत ने प्रथम, काव्या ने द्वितीय, आयुष्मान ने तृतीय तथा सुनैना, दीक्षा और निषित जैसवाल ने संयुक्त रूप से चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल के वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. ललित तिवारी एवं वानिकी विज्ञान के प्रो. आशीष तिवारी रहे। मुख्य अतिथि टीआर बीजूलाल ने जैव विविधता को पृथ्वी की जीवनरेखा बताते हुए इसके संरक्षण हेतु वनों की कटाई रोकने, अधिक से अधिक पौधरोपण करने, एकल प्रयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने और जल व ऊर्जा की बचत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डीएसबी परिसर सहित विभिन्न विद्यालयों के कुल 150 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इसी अवसर पर हिमालयन बोटैनिकल गार्डन, नारायणनगर में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें आसपास के विद्यालयों के 14 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।