फतेहाबाद के गांव में गूंजे देशभक्ति के गीत, तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़

फतेहाबाद के गांव में गूंजे देशभक्ति के गीत, तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़

फतेहाबाद, 24 मई (हि.स.)। ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक कर आतंकी अड्डों को तबाह करने और पाकिस्तानी सेना को धूल चटाने वाले भारत के वीर जवानों के शौर्य के सम्मान में बीजेपी फतेहाबाद ग्रामीण मंडल द्वारा शनिवार को नेशनल हाइवे स्थित गांव धांगड़ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। आज पूरे गांव में देशभक्ति के गीत गूंज उठे और हाथों में तिरंगा थामे सैंकड़ों लोगों ने भारतीय सेना के शौर्य को सलाम किया और शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजली अर्पित की। इस तिरंगा यात्रा में बीजेपी कार्यकर्ताओं के अलावा अनेक सामाजिक व धार्मिक संगठनों के सदस्यों, पूर्व स्वतंत्रता सेनानियों, अनेक गांवों के सरपंचों ने भी भाग लिया। फतेहाबाद ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सीताराम पूनियां की अध्यक्षता में निकाली गई तिरंगा यात्रा में विशेष तौर पर भाजपा के जिला महामंत्री अशोक जाखड़, वरिष्ठ नेता अनिल सिहाग ने भाग लिया। यह तिरंगा यात्रा गांव के बस स्टैण्ड से शुरू हुई और विभिन्न स्थानों से होते हुए गुरू जम्भेश्वर मंदिर में यात्रा का समापन हुआ। तिरंगा यात्रा के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला महामंत्री अशोक जाखड़ ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर चलाकर भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर न केवल आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया बल्कि इन आतंकियों को संरक्षण दे रही पाकिस्तान सेना को भी सबक सिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत के मजबूर एयर डिफेंस सिस्टम और आधुनिक मिसाइलों ने पाकिस्तान को अमेरिका, चीन और तुर्की से मिले हथियारों को भी मार गिराने का काम किया है। बीजेपी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल पाकिस्तान को सैन्य तौर पर पाकिस्तान को सबक सिखाया वहीं उससे सभी तरह के व्यापार को बंद कर आर्थिक चोट दी। पाकिस्तान जाने वाले भारत के पानी को रोकते हुए सिंधु जल समझौते को स्थगित कर दिया गया। तिरंगा यात्रा में संयोजक लख्मी शर्मा, गौशाला प्रधान पृथ्वी आमरा, बिश्नोई सभा प्रधान श्रवण भादू, मंडल महामंत्री सीताराम धारणिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रीतम शर्मा, सरपंच सुमित गोदारा, एडवोकेट दलबीर वर्मा सरपंच मताना, जीरा सिंह व रामेश्वर सरपंच एमपी रोही, रामनिवास पूनियां बड़ोपल, राम सिंह मांझू पूर्व उपप्रधान ब्लाक समिति, पवन वर्मा, अनिल भादू के अलावा विभिन्न गांवों के सरपंच, ब्लाक समिति व जिला परिषद सदस्य, बीजेपी कार्यकर्ता, गांव की गौशाला कमेटी, गुरू जम्भेश्वर मंदिर कमेटी, स्वतंत्रता सेनानी संगठन के सदस्यों सहित सैंकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।