भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज है 25 जून का दिन : वीरेंद्र सचदेवा
नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को दिल्ली सरकार द्वारा सेंट्रल पार्क में लगाई गई स्मृति प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनी कि विशेष बात यह है कि जो दस्तावेज कभी भी पब्लिक को नहीं दिखाए गए उन्हें दिल्ली सरकार ने लगाया है।
वीरेंद्र सचदेवा ने एक बयान में कहा कि यह तारीख भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज है। उन्होंने कहा कि इस आघातकाल को 50 साल पूरे हो गए। इसी पर दिल्ली सरकार ने इस प्रदर्शनी का भी आयोजन किया है।
उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आज की नई पीढ़ी को यह बताना है कि वर्ष 1975 में आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की थी। जनता की आवाज को दबाया गया और लोकतंत्र को काग्रेसियों ने किस तरह बेरहमी से कुचल दिया।
सचदेवा ने कहा कि इस प्रदर्शनी में वे सभी महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज पहली बार जनता के सामने प्रस्तुत किए गए हैं, जो अब तक कभी सार्वजनिक नहीं किए गए थे।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह वो इतिहास है जिसे याद रखना जरूरी है कि जब तानाशाह तानाशाही पर उतरता है तो कैसे सभी मूल्यों का पतन होता है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने आज सेंट्रल पार्क में आपातकाल स्मृति प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उनके साथ भाजपा के विधायक भी मौजूद रहे।
—————