किसी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी – जिलाधिकारी
बिजनौर 19 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मोहर्रम और कांवड यात्रा आदि आगामी त्योहारों को शांति पूर्ण सम्पन्न कराए जाने के संबंध में समीक्षा बैठक की गयी।
जिलाधिकारी कौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी किसी भी त्योहार में किसी भी व्यक्ति को नई परंपरा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी, पूर्व की भांति ही सभी परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आज की बैठक में जन सामान्य द्वारा उठाए गए प्रकरणों को त्योहार से पहले निस्तारित करना सुनिश्चित करें ताकि त्योहार के समय किसी भी प्रकार की असुविधा एवं अशांति का माहौल उत्पन्न होने पाए। उन्होंने उपस्थित विभिन्न धार्मिक गुरुओं एवं बुद्धिजीवी व्यक्तियों का आह्वान किया कि सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट शेयर न करें। किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं।