बलरामपुर : डिंडो में आयोजित कृषि विकसित संकल्प अभियान में शामिल हुए कृषि मंत्री नेताम

बलरामपुर : डिंडो में आयोजित कृषि विकसित संकल्प अभियान में शामिल हुए कृषि मंत्री नेताम

बलरामपुर, 7 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में व्यापक रूप से कृषि विकसित संकल्प अभियान 29 मई से 12 जून तक चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती, सरकार की प्रमुख योजनाएं, उन्नत कृषि यंत्रों का उपयोग, प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना है। इसी कड़ी में आज शन‍िवार को विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम डिंडो में विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के आदिम जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा कृषि मंत्री रामविचार नेताम उपस्थित हुए।

कृषि मंत्री नेताम ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में फसलों का उत्पादन बढ़ाने लगातार सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से चलाया जा रहा विकसित कृषि संकल्प अभियान हमारे क्षेत्र के किसानों के लिए लाभदायक होगा। इस अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार के कृषि वैज्ञानिक किसानों से सीधा संवाद कर रहे हैं और उन्नत और संतुलित कृषि की जानकारी किसानों को दे रहे हैं। यह अभियान किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कृषि में विविधिकरण को बढ़ावा देने वाली तकनीकों प्राकृतिक खेती, कृषि में ड्रोन का उपयोग, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन इत्यादि, प्रमुख विषयों पर कृषकों को जानकारी देने के लिए यह अभियान बहुत उपयोगी साबित होगा। इस अभियान के तहत इन सभी विषयों पर किसानों के साथ चर्चा हो रही है और उनकी जिज्ञासाओं का उपयुक्त समाधान भी संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा किया जा रहा है।

इस अभियान का त्वरित लाभ किसानों को आगामी खरीफ की फसलों पर होगा। कृषि मंत्री ने किसानों को रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया एवं जैविक खेती करने एवं खेत मे जल का उचित उपयोग करने हेतु सुझाव दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में उपसंचालक कृषि द्वारा विकसित भारत कृषि अभियान के उद्देश्य की जानकारी किसानों को दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. गौरव निगाम द्वारा खरीफ फसल बुवाई के पूर्व बीज उपचार करने की जानकारी प्रदान की गई साथ ही प्राकृतिक खेती के माध्यम से जीवांमृत एवं बीजांमृत को बनाने का तरीका तथा उसका उपयोग के बारे में बताया गया।

डॉ. निगम द्वारा मृदा परीक्षण किए जाने की भी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय स्टॉल भी लगाए गए जिसके अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, विभाग द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई। इस कार्यक्रम मे विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने 15 करोड़ 12 लाख रुपये के कुल 64 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। रामचन्द्रपुर मुख्य मार्ग से मुख्य बस्ती तक गौरव पथ निर्माण, लंबाई एक किलोमीटर लागत 87.34 लाख रुपये एवं त्रिकुंडा मुख्य मार्ग से पुराना बाज़ार होते स्कूल तक गौरव पथ निर्माण कार्य लंबाई एक किलोमीटर लागत से 87.34 लाख रुपये का भूमि पूजन किया गया। इसी प्रकार मंडी बोर्ड के द्वारा कुल 42 ग्राम पंचायतों में कुल लागत 13.37 करोड़ रुपये की राशि के कुल 62 कार्यों का शिलान्यास किया गया। सीसी सड़क के द्वारा मुख्य बस्ती, पारा टोला, मोहल्ला जो पूर्व में बरसात के दिनों में कीचड़ ग्रस्त हो जाते थे एवं बरसात में आवागमन मुश्किल हो जाता था, उन सभी जगहों में सीसी सड़क बन जाने से अब लोगों की आवाजाही सुचारू रूप से हो पाएगी।

इस दौरान कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी सदस्य बलवंत सिंह, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य सहित क्षेत्र के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

—————