भीख मंगवाने के लिए चार साल की मासूम अगवा

भीख मंगवाने के लिए चार साल की मासूम अगवा

नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। मध्य जिले के चांदनी महल इलाके में एक महिला ने भीख मंगवाने के लिए चार साल की मासूम बच्ची को अगवा कर लिया। महिला बच्ची को लेकर अपने गांव बाराबंकी पहुंच गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम उसकी तलाश में उप्र पहुंच गई। महिला को जैसे ही पुलिस के आने का पता चला वह बाराबंकी से निकलकर वापस दिल्ली पहुंच गई।

टीम ने महिला को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर निकलते ही पकड़ लिया। पकड़ी गई आरोपित महिला की पहचान भगतपुर, बाराबंकी, निवासी बरखा (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के पास से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया है।

मध्य जिले के डीसीपी निधिन वालसन ने बताया कि 18 जून को चांदनी महल थाने में दंपती ने अपनी चार साल की बच्ची के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। दंपती ने बताया कि शाम के समय दोनों अपने काम में व्यस्थ थे। इस बीच उनकी बच्ची खेल रही थी। किसी ने उसको अगवा कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर मासूम अकेली दिल्ली गेट संचार भवन के पास जाती हुई दिखी। इस बीच मुखबिर से जानकारी जुटाई गई। पुलिस को पता चला कि एक महिला भिखारी ने मासूम को अगवा कर लिया है और वह उसे अपने गांव बाराबंकी ले गई है।

सूचना को पुख्ता कर पुलिस टीम फौरन बाराबंकी पहुंची। वहां लोकल पुलिस से मदद ली गई। टीम जैसे ही उसके गांव पहुंची, महिला को इसकी भनक लग गई। वह बच्ची को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई। पुलिस की एक टीम को नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अलर्ट कर दिया गया। 21 जून को बरखा पुरानी दिल्ली स्टेशन पहुंची। बाहर निकलते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

—————