मानसून सीजन में कॉर्बेट का फाटो जोन रात्रि विश्राम के लिए खुलेगा
हल्द्वानी, 23 जून (हि.स.)। मानसून सीजन में कार्बेट पार्क आने वाले पर्यटक अब रात्रि में टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो जोन में विश्राम का लुत्फ उठा सकेंगे। बताते चलें कि मानसून सीजन में नाइट सटे शुरू होने के बाद इस तरह की सुविधा देने वाला फाटों पहला जोन होगा।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के ढिकाला, ढेला, झिरना और बिजरानी में नाइट सटे की सुविधा है, लेकिन मानसून सीजन शुरू होते ही 15 जून से सभी जोन में नाइट सटे बंद कर दिया जाता है। पर्यटकों के लिए ढेला व झिरना में डे-विजिट सफारी का विकल्प रहता है।
मानसून सीजन के बाद नाइट सटे को फिर पर्यटकों के लिए खोला जाता है। वहीं फाटो जोन ने बीते कुछ सालों में वन्यजीवों के दीदार को लेकर अपनी अलग पहचान बनाई है। अब विभाग इस साल से मानसून सीजन में यहां नाइट सटे शुरू करने जा रहा है।
नाइट सटे में व्यवस्थाएं
फाटो रेंजर कृपाल सिंह बिष्ट के अनुसार रात्रि विश्राम के लिए 14 कमरों की व्यवस्था की गई है। इनमें तीन ट्री हाउस, पांच हट व छह कमरे शामिल हैं। बिष्ट के अनुसार बरसात अधिक होने पर जोन बंद कर दिया जाएगा। मौसम साफ रहने पर ही जोन को संचालित किया जाएगा।
इस संबंध में रामनगर डीएफओ पीसी आर्या का कहना है कि, इस साल से फाटो में ढेला व झिरना की तर्ज पर नाइट सटे भी शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारियां कर ली गई हैं।