सोनपत: निगम क्लर्क हाजिर नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी

सोनपत: निगम क्लर्क हाजिर नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी

सोनीपत, 25 जून (हि.स.)। सोनीपत नगर निगम में डिप्टी मेयर कार्यालय में कार्यरत क्लर्क

हरिओम पर प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप

है। शिकायतकर्ता विनोद के अनुसार, उसने अपने भतीजे रोहित के साथ निर्धारित समय पर कार्यालय

में जाकर हरिओम को रुपये दिए, जिसके तुरंत बाद उसकी प्रॉपर्टी आईडी ठीक कर दी गई। यह

पूरी प्रक्रिया वीडियो में रिकॉर्ड की गई, जो अब जांच का मुख्य आधार है।

नगर निगम द्वारा इस मामले की जांच जॉइंट कमिश्नर मीतू धनखड़

को सौंपी गई थी, लेकिन जैसे ही जांच आरंभ हुई, आरोपी क्लर्क हरिओम 13 जून से ही बिना

पूर्व सूचना के कार्यालय से गायब है। तीन बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद वह जांच में

शामिल नहीं हुआ। हरिओम का दावा है कि उसे रिश्वत संबंधी वीडियो नहीं मिली, जबकि अधिकारियों

ने स्पष्ट किया है कि वीडियो वॉट्सऐप पर भेज दी गई है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को बार-बार बुलाने

के बावजूद उसके द्वारा पेश न होना जांच में बाधा उत्पन्न कर रहा है।

अब बुधवार को उसे

स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह आगामी मंगलवार को निगम कार्यालय में उपस्थित हो, अन्यथा

विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त पहले ही कह चुके हैं कि आरोप सिद्ध होने

पर आरोपी को निलंबित किया जाएगा। यह मामला निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, दलालों की

सक्रियता और ऑनलाइन व्यवस्था के बावजूद रिश्वतखोरी की जमीनी हकीकत को उजागर करता है।

—————