झारखंड में हर हत्या की जिम्मेदार भ्रष्ट हेमंत सरकार और पदाधिकारी : सीपी सिंह
रांची, 24 जून (हि.स.)। रांची जिला में गिरती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और सरकारी योजनाओं की विफलता के खिलाफ भाजपा रांची महानगर ने मंगलवार को आक्रोश प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन के रांची के चार अंचल सदर, हेहल, अरगोड़ा और बड़गाईं अंचल कार्यालय के समक्ष किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम में चारों अंचलों में बेलगाम हो रहे भ्रष्टाचार के विरोध में भाजपा रांची महानगर के कार्यकर्ता एवं समर्थकों के साथ भारी संख्या में शामिल होकर जनविरोधी हेमंत सरकार के खिलाफ आवाज उठाई और अंचल का घेराव कर भ्रष्ट अधिकारियों और सरकार को चेताया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि सारे अंचल आज के समय में भ्रष्टाचार का अड्डा बन गए हैं। बिना पैसे दिए अंचलों में एक पत्ता भी नहीं हिलता, रांची में जितनी भी हत्या और आत्महत्या हो रही है उनका जिम्मेदार प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से अंचलों में होने वाला भ्रष्टाचार मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि झारखंड में हर हत्या की जिम्मेदार भ्रष्ट हेमंत सरकार और पदाधिकारी है।
इस मौके पर हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने भ्रष्ट पदाधिकारी और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर झारखंड की जनता को परेशान करना नहीं छोड़ा तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन होंगे और भ्रष्टाचार से लिप्त पदाधिकारी और सरकार को सलाखों के पीछे भी पहुंचाना भाजपा के कार्यकर्ताओं को आता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रांची महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा की सारे अंचल लूट फैक्टरी बने हुए हैं और अधिकारियों की इतनी हिम्मत बिना सरकार के मिली भगत के नहीं हो सकती। अंचलों के लूट में सीधे रूप से हेमंत सरकार भागीदार है और जिसके कारण रांची ही नहीं पूरे झारखंड की जनता भ्रष्टाचार में जल रही है।
आक्रोश प्रदर्शन में मुख्य रूप से सदर अंचल में सीपी सिंह,वरुण साहू, ओम प्रकाश, रौशनी खलको और अरगोड़ा अंचल में नवीन जयसवाल,अजय साह, सुबोध सिंह गुडडू, बड़गाईं अंचल में समरी लाल, संजीव विजयवर्गीय एवं हेहल अंचल में बालमुकुंद सहाय, सत्यनारायण सिंह सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
—————