ओवरलोड डंपर की टक्कर से ड्यूटी जा रहे स्वास्थ्यकर्मी की मौत
जालौन, 6 जून (हि.स.)। कालपी कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ड्यूटी जा रहे स्वास्थ्यकर्मी अभिषेक दीक्षित (30 वर्ष) की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्यकर्मी अभिषेक दीक्षित शुक्रवार को जब वह अपनी ड्यूटी के लिए बाइक से कदौरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान जोल्हुपुर-हमीरपुर स्टेट हाईवे के बरखेड़ा के पास गलत दिशा से आ रहे एक बालू से भरे तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक अभिषेक दीक्षित कालपी के गणेशगंज मोहल्ले के रहने वाले थे और कदौरा पीएचसी में आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य करते थे। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक परमहंस तिवारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।