कालाढूंगी में कार रेलिंग से टकराई, बच्ची की मौत
हल्द्वानी, 25 जून (हि.स.)। नैनीताल घूमकर लौट रहे फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) के पर्यटकों की कार कालाढूंगी से तीन किमी पहले लाल मिट्टी के पास अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। जबकि अन्य को मामूली चोट आई है।
दरअसल फतेहपुर हुसैनगंज के गांव महादेवपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी वीरेंद्र कुमार सोनकर अपनी पत्नी प्रत्यूषा, बेटी कृतिका व मित्र हरिलाल व उनकी पत्नी रामश्री के साथ अपनी कार से नैनीताल से लौट रहे थे। इस बीच कालाढूंगी से तीन किलोमीटर पहले लाल मिट्टी के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। हादसे में 8 वर्षीय कृतिका गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य को मामूली चोट आई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी कालाढूंगी पहुंचाया। जहां से कृतिका को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। एसओ विजय मेहता ने बताया कि परिजन शव अपने साथ ले गए। एसओ मेहता ने बताया कि कार वीरेंद्र चला रहे थे। पूछताछ में उन्होंने हादसे का कारण कार के ब्रेक होना बताया।