सोना व्यापारी से 80 लाख के सोने की लूट, एसपी के आदेश पर मामला दर्ज
कोडरमा, 17 जून (हि.स.)। सोना व्यापारी से आठ सौ आठ ग्राम सोने के लूट का मामला सामने आया है। इस बाबत एसपी के आदेश पर कोडरमा थाना में मामला दर्ज किया गया है।
हालांकि कोडरमा थाना प्रभारी के अनुसार मामला संदिग्ध है और मामले की जांच हो रही है। बताया जाता है कि कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना रोड स्थित कोडरमा घाटी में एक सोना व्यापारी से आठ सौ आठ ग्राम सोना लूट लिया गया। लूटे गए सोने की कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। इसे लेकर बिहार के छपरा जिले के साहिबगंज सोना पट्टी के रहने वाले दीपक कुमार गुप्ता ने कोडरमा के एसपी अनुदीप सिंह को आवेदन दिया है और मामले की जांच की मांग की है।
वहीं घटना की जानकारी देते हुए दीपक ने बताया कि वह अपने भाइयों के साथ छपरा में आदित्य और आयुष नाम की ज्वेलरी शॉप चलाता है। वह अपने साथी सुजीत कुमार के साथ कोलकाता गया था। वहां उसने अपने घर के पुराने आठ सौ आठ ग्राम सोने के जेवर गलाकर नए जेवर खरीदने की योजना बनाई थी। मगर वहां ज्वेलरी पसंद नहीं होने के बाद वह अपने पुराने सोने को लेकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान रात के करीब 10 बजे वे कोडरमा घाटी से गुजर रहे थे कि तभी उनकी स्विफ्ट डिजायर कार खराब हो गई। इसके बाद दीपक और सुजीत कार ठीक करने की कोशिश कर रहे थे कि तभी दो अज्ञात लोग वहां पहुंचे और कार की चाबी छीन ली। इसके बाद आठ और लोग वहां आ गए। सभी ने दीपक और उसके साथी के साथ मारपीट शुरू की और उनके पॉकेट से आठ सौ आठ ग्राम सोना निकाल लिया।
इसके बाद सभी अपराधी आर्टिका गाड़ी से बिहार की ओर भाग गए। साथ ही वे दीपक का बैग भी अपने साथ ले गए। इधर, दीपक ने बताया कि लूटपाट के दौरान उसने एक अपराधी का मोबाइल छीन लिया था। घटना के बाद वह डर गया और बिना पुलिस को सूचना दिए सीधे छपरा चला गया। इसके बाद वह कोडरमा थाना पहुंचा, जहां उसने मामले की जानकारी कोडरमा थाना प्रभारी को दी। लेकिन प्रभारी ने इसे मनगढ़ंत बात बताते हुए उसे वहां से फटकार लगाते हुए भगा दिया। इसके बाद वह पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह से मिले तब जाकर उनका मामला थाने में दर्ज किया गया।
मामले की पुलिस जांच में जूट गई है।
—————