कोंडागांव में मलेरिया मुक्त छग. अभियान का 12 वां चरण 24 जुलाई तक चलेगा

कोंडागांव में मलेरिया मुक्त छग. अभियान का 12 वां चरण 24 जुलाई तक चलेगा

कोंडागांव, 30 जून (हि.स.)। जिले में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का 12 वां चरण 24 जुलाई 2025 तक चलेगा । जिले के सभी पांच विकासखंडों में मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे किया जा रहा है । साथ ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी हो रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके. चतुर्वेदी और जिला नोडल अधिकारी डॉ. सोनल ध्रुव के मार्गदर्शन में अभियान चल रहा है । जिला सलाहकार इमरान खान के अनुसार, चरणबद्ध सर्वे से मलेरिया के मामलों में कमी आई है । मितानिन और स्वास्थ्यकर्मी लगातार जनजागरूकता फैला रहे हैं।

मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़अभियान में दीवार लेखन, स्कूली बच्चों की रैलियां और ग्रामीणों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जल जमाव की निकासी और आस-पास की सफाई पर जोर दिया जा रहा है। लोगों को कूलर के पानी की नियमित सफाई की सलाह दी जा रही है। सीमेंट टंकी, प्लास्टिक ड्रम और मिट्टी के बर्तनों की जांच कर उन्हें खाली करवाया जा रहा है। ग्रामीणों को शाम के समय नीम-नीलगिरी की पत्तियों का धुआं करने की सलाह दी जा रही है। सोते समय मच्छरदानी के उपयोग पर बल दिया जा रहा है । तेज बुखार, ठंड, उल्टी और बदन दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत मितानिन से संपर्क करने को कहा जा रहा है । जून महिने को मलेरिया रोधी माह के रूप में मनाया जा रहा है । सर्वे में पॉजिटिव पाए गए मरीजों का तत्काल इलाज शुरू किया जा रहा है । सिरहा-गुनिया जैसे पारंपरिक जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ा गया है । स्वास्थ्य विभाग और मितानिनों के प्रयासों से अब ग्रामीण मलेरिया के लक्षण पहचानकर समय पर इलाज करवा रहे हैं ।