यमुनानगर: मोदी सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना: कंवर पाल
यमुनानगर, 17 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला यमुनानगर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों को समर्पित ‘प्रोफेशनल मीट’ का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल सेक्टर-17 में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा ज़िला अध्यक्ष राजेश सपरा ने की।
मुख्य अतिथि व वक्ता के रूप में पहुंचे हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने मंगलवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने अपने शौर्य का पूरे विश्व में लोहा मनवाया है।पाकिस्तान के अंदर स्थित आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त करके भारतीय सेना ने जो परचम लहराया है उसकी पूरे विश्व में सराहना हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया। भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि 3.96 लाख कि.मी ग्रामीण सड़कों का निर्माण, एक्सप्रेसवे, मेट्रो रेल लाइन. 140 नए हवाई अड्डे, 136 वंदे भारत ट्रेनें, और विश्वस्तरीय रेलवे व इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएँ भारत को तेज़ी से बदल रही हैं। युवाओं को सशक्त बनाने के लिए पिछले 11 सालों में स्टार्टअप इंडिया व स्किल इंडिया में 17.5 लाख युवाओं को स्टार्टअप्स में रोजगार मिला। 1.60 करोड़ युवाओं को स्किल किया गया
। शिक्षा में क्रांति के शिक्षा नीति में बदलाव कर नई शिक्षा नीति शुरू की गई। 11 वर्षों में जन कल्याण के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, 4 करोड़ से अधिक पक्के घर, 15 करोड़ घरों में नल से जल, 12 करोड़ से अधिक शौचालय, 10 करोड़ से अधिक उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मेडिकल बीमा उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार का लक्ष्य केवल भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाना है। इसमें प्रोफेशनल वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।