राेहतक में अतिक्रमण के विरूद्ध कई जगह चला पीला पंजा

राेहतक में अतिक्रमण के विरूद्ध कई जगह चला पीला पंजा

दुकानदारों में मचा हडकंप, निगम ने पहले दिए गए थे नोटिस

रोहतक, 21 जून (हि.स.)। नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कारवाई करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी के तहत शनिवार को नगर निगम की टीम पीला पंजा लेकर छोटूराम चौक पर पहुंची और दुकानदारों द्वारा सडक़ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान कई दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

दुकानदारों का आरोप है कि बिना नोटिस के ही निगम की टीम जानबूझ कर परेशान करने के लिए कारवाई कर रही है, जबकि निगम अधिकारियों का कहना है कि पहले भी दुकानदारों को कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक अतिक्रमण को नहीं हटाया गया, जिसके चलते आज यह कारवाई की गई है।

दरअसल शहर में कई स्थानों पर गंदे पानी की निकासी के लिए सडक़ के साथ बरसाती नाले बनाए गए है, जिनके ऊपर दुकानदारों द्वारा पक्का अतिक्रमण किया गया है और बरसाती नालो की अच्छे तरीक्के से साफ सफाई नहीं हो पाती है और मामूली सी बरतात होने पर ही जलभराव हो जाता है। बरसाती मौसम में जलभराव ना हो इसके लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा नालो की सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाया गया है और इसी के तहत नालो के ऊपर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटाया जा रहा है। बकायदा इसके लिए नगर निगम द्वारा दुकानदारों को पहले ही नोटिस भी दिए गए थे, लेकिन दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण हटाने में कोई सहयोग नहीं किया गया, जिसके चलते अब नगर निगम की टीम ने दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अगर किसी भी दुकानदार ने नालो के ऊपर अतिक्रमण किया तो उसके खिलाफ कारवाई भी अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की इस कारवाई से दुकानदारों में मायुसी छाई हुई है।

—————