आजसू पार्टी की स्थापना दिवस समारोह की तैयारी जोरों पर

आजसू पार्टी की स्थापना दिवस समारोह की तैयारी जोरों पर

रांची, 20 जून (हि.स.)। आजसू पार्टी की स्थापना और बलिदान दिवस समारोह की तैयारी को लेकर शनिवार को रांची महानगर समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिन्हा ने की। जबकि संचालन केंद्रीय सचिव नईम अंसारी ने किया।

झारखंड आंदोलनकारी सह आजसू नेता प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि झारखंड आंदोलन में आजसू पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका रही है। बलिदान दिवस सिर्फ एक स्मृति नहीं, बल्कि संकल्प का दिन है। इस बार पूरे राज्य से कार्यकर्ता जुटेंगे। और झारखंड निर्माण के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया जाएगा।

मौके पर महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिन्हा ने कहा कि यह बलिदान दिवस समारोह ऐतिहासिक होगा। रांची महानगर के कार्यकर्ता इसकी सफलता के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे।

उन्होंने बताया कि बलिदान दिवस समारोह के लिए राज्य के सभी 264 प्रखंडों से आजसू कार्यकर्ता खेलगांव, रांची में जुटेंगे।

मुख्य चौक-चौराहों पर पार्टी नेताओं के कट-आउट और पोस्टर लगाए जाएंगे। विभिन्न मोहल्लों से मोटरसाइकिल जुलूस निकालकर कार्यकर्ता खेलगांव पहुंचेंगे।

बैठक में परवाज खान, बनमाली मंडल, रमेश गुप्ता, बिरेंद्र प्रसाद, राकेश सिंह, जय श्रीवास्तव, देवाशीष चट्टोराज, सज्जाद अंसारी, अमित वर्मा, अभिषेक त्रिवेदी, डॉ पार्थ परितोष, कौशल तिवारी सहित अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

—————