युक्तियुक्तकरण के विरोध में शिक्षकों ने दिया धरना
रायगढ़, 1 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के शिक्षक साझा मंच के प्रांतीय आह्वान पर आज रविवार को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में शिक्षकों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ कियाl
छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के विसंगतिपूर्ण युक्तियुक्तकरण को सुधार कर 2008 के सेटअप नियम के आधार पर युक्तियुक्तकरण, पूर्व सेवा गणना कर पेंशन प्रदान करना, क्रमोन्नति हेतु जनरल आदेश जारी करने, व्याख्याता पदोन्नति में डीएड प्रशिक्षित शिक्षकों को पदोन्नति प्रदान करने सहित चार सूत्रीय मांग को लेकर शिक्षकों ने धरना प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान आकृष्ट कियाl
जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ द्वारा तीन एवं चार जून को आयोजित काउंसिलिंग का बहिष्कार करने का निर्णय लेकर व्यक्तिगत एवं सामूहिक पत्र दिया गया है। धरना प्रदर्शन में प्रांतीय उपसंचालक गिरिजा शंकर शुक्ला, जिला संचालकगण नेतराम साहू ,राजकमल पटेल ,राहुल डनसेना, आशीष रंगारी, जिला संयोजक छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी संघ फेडरेशन रायगढ़, संजीव शेट्टी अध्यक्ष तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ,राजेंद्र चौरसिया नोहर सिंह सिदार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे । धरना प्रदर्शन का संचालन मुरलीधर गुप्ता के द्वारा किया गया। उक्त जानकारी भोजराम पटेल द्वारा दी गयी है।
—————