नर्सिंग कॉलेज परिसर से शिवलिंग हटाने पर विहिप-बजरंग दल ने किया विरोध
जगदलपुर, 16 जून (हि.स.)। नर्सिंग गर्ल्स कॉलेज परिसर में स्थापित पुराने शिवलिंग को कॉलेज प्रशासन द्वारा हटाए जाने की घटना पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने गहरा विरोध दर्ज कराया। विहिप के अनिल अग्रवाल ने बताया कि हॉस्टल निर्माण से पूर्व से ही वहां एक शिवलिंग स्थापित था, जिसकी पूजा स्थानीय श्रद्धालु, स्टाफ व छात्राएं नियमित रूप से करते थे। यह स्थान सनातन आस्था का केंद्र रहा है। मिली जानकारी के अनुसार कॉलेज प्रिंसिपल स्वर्णलता पीटर के आदेश पर आज साेमवार प्रातः उस शिवलिंग को परिसर से बाहर करवा दिया गया ।
घटना की सूचना पर विहिप-बजरंग दल की टीम नर्सिंग गर्ल्स कॉलेज पहुंची, जहां उन्होंने प्रिंसिपल एवं वार्डन से विस्तृत बातचीत की। सभी पक्षों की सहभागिता एवं सामाजिक संगठनों की पहल से आपसी सहमति के आधार पर नए शिवलिंग की पुनः स्थापना की गई । स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत पूजन कर शिवलिंग की प्रतिष्ठा की गई। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि सनातन आस्था की रक्षा हेतु संगठन सदैव प्रतिबद्ध रहेगा और किसी भी धार्मिक स्थल या प्रतीक के साथ छेड़छाड़ सहन नहीं की जाएगी। इस दौरान बजरंग दल जिला संयोजक मुन्ना बजरंगी, तमिश नायडू, शत्रुघ्न कश्यप, योगेश ठाकुर, सहित अनेक सामाजिक संगठन, स्थानीय सनातनी समाज, हॉस्टल स्टाफ, छात्राएं एवं आमजन मौके पर उपस्थित रहे। सभी ने कॉलेज प्रशासन के इस कार्य को हिंदू भावनाओं के विरुद्ध बताया।
—————