फतेहाबाद : नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

फतेहाबाद : नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

फतेहाबाद, 3 जून (हि.स.)। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में भूना पुलिस ने मंगलवार को एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान रितु पत्नी राधेश्याम निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई है। भूना थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रा ने बताया कि यह मामला वर्ष 2022 में गांव धौलू निवासी विकास की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता विकास ने बताया कि उसका पड़ोसी कृष्ण उसे जानता था और उसने बताया कि जल्लोपुर निवासी गुरमंगत सिंह, उसकी पत्नी सतिन्द्र कौर और उनका पुत्र बब्बू उसके भाई को नौकरी दिलवा चुके हैं, और वे उसे भी नौकरी दिलवा सकते हैं। विकास ने बताया कि उसने इनकी बातों पर विश्वास कर अपने भाई दिनेश, ताऊ के बेटे विष्णु, मामा के बेटे संजय निवासी धांसु, जिला हिसार तथा प्रदीप निवासी गोरखपुर के साथ मिलकर कुल 30 लाख 65 हजार की राशि नौकरी दिलवाने के नाम पर इन्हें सौंप दी। इसके बावजूद, न तो किसी की नौकरी लगी और न ही उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर मिला। जब पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपियों ने झूठे आश्वासन दिए और कहा कि भर्ती हो चुकी है तथा जॉइनिंग पत्र भेजा जा चुका है। विकास ने आरोप लगाया कि गुरमंगत ने अपने रिश्तेदार, जो सेना में कार्यरत है, से मिलीभगत कर एक फर्जी जॉइनिंग लेटर बनवाया और उसे दिया। जब उन्होंने पुन: पैसे मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, अगस्त 2021 में गुरमंगत सिंह ने विकास को पैसे लौटाने के बहाने हिसार बुलाया और जानबूझकर उसे कार से कुचलने की कोशिश की। इसके बाद गुरमंगत और उसके साथी दलबीर सिंह ने मिलकर विकास के खिलाफ हिसार पुलिस में झूठी शिकायत देकर मामला दर्ज करवा दिया। विकास ने कृष्ण धौलू, गुरमंगत सिंह, सतिन्द्र कौर, बब्बू निवासी जल्लोपुर, रमेश जल्लोपुर, मिनाक्षी, रितु, रोहित और संदीप निवासी दिल्ली पर नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। इस मामले में थाना भूना पुलिस द्वारा गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला रितु को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।