दिल्ली जल बोर्ड में 100 से अधिक अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू

दिल्ली जल बोर्ड की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक इस पहल के तहत सिविल और इलेक्ट्रिकल व मैकेनिकल (ईएंडएम) शाखाओं के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता जैसे पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ये अभियंता विभिन्न सरकारी विभागों एवं सार्वजनिक एजेंसियों से प्रतिनियुक्त किए जाएंगे। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब मानसून संबंधी चुनौतियां और शहरी जल की मांग अपने चरम पर है।

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इस योजना को अपनी स्वीकृति देते हुए इसे एक निर्णायक पहल बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जल और सीवरेज परियोजनाएं तकनीकी स्टाफ की कमी के कारण बाधित रही हैं। 100 से अधिक अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति करके हम दिल्ली जल बोर्ड की रीढ़ को मजबूत कर रहे हैं। अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति से परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल उन्हीं अभियंताओं का चयन किया जाएगा जिनका कार्य रिकॉर्ड उत्कृष्ट हो और जिनके पास प्रासंगिक विशेषज्ञता हो। यह प्रतिनियुक्ति प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है ताकि अभियंता शीघ्र सेवा में योगदान दे सकें।

उन्होंने कहा कि इस निर्णय के माध्यम से दिल्ली सरकार संस्थागत बाधाओं को दूर करने और एक सक्षम, उत्तरदायी तथा तकनीकी रूप से सशक्त जल बोर्ड का निर्माण करने के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता को प्रदर्शित कर रही है। 100 से अधिक अभियंताओं की यह भर्ती दिल्ली की दीर्घकालिक जल अवसंरचना परिवर्तन यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।