डीजीपी ने कहा कि जो अफसर इंस्पेक्टर से डीएसपी बने हैं, उन सभी ने सब इंस्पेक्टर के तौर पर अपनी नौकरी शुरू की थी। ये सभी प्रमोशन पाकर डीएसपी बन चुके हैं, जो उनके लिए तो खुशी की बात है ही, साथ ही उनके परिवार के लिए भी बेहद हर्ष का विषय है। करियर में आगे बढ़ना पुलिसिंग के लिए भी बेहद कारगर होता है। डीजीपी ने कहा मुझे उम्मीद है कि कानून व्यवस्था की स्थिति सुधारने में हमारे नए डीएसपी मील का पत्थर साबित होंगे।
एक सवाल के जवाब में डीजीपी ने कहा कि केंद्रीय गृह सचिव 28 जुलाई को अपने झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। इसे लेकर झारखंड पुलिस की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है। कई अहम मुद्दों पर केंद्रीय गृह सचिव के साथ वार्ता होगी, जो झारखंड पुलिस के लिए भविष्य में बेहद फायदेमंद होगा।
इस अवसर पर डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू, संजीव कुमार, संतोष कुमार महतो, राकेश कुमार पांडे, महताब आलम, रोहित कुमार रजक, मंटू कुमार सहित अन्य शामिल थे।