त्रिलोक कपूर ने कहा कि उक्त मंत्री राजस्व व बागबानी विभाग का जिम्मा संभाल रहे हैं लेकिन वह हर मोर्चे पर फेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सहित मंडी के सराज में भयंकर तबाही हुई है, जिससे वहां की समस्त जनता जूझ रही है। इस भयंकर तबाही में 30 से अधिक लोगों को हमने खो दिया, जबकि मंत्री सचिवालय में बैठकर पूर्व मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हैं। साथ ही मंत्री द्वारा पीड़ित लोगों में से 65 पर एफआईआर दर्ज कर उनकी मुसीबत को और बड़ा किया जा रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अगर इस एफआईआर को जल्द से जल्द निरस्त नही किया गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन चलाया जाएगा। कपूर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर हर आपदा के स्थान में पहुंचकर जरूरी मदद उपलब्ध करवाने के लिए डटे हुए हैं। भाजपा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल की अध्यक्षता में टोलियां बनाकर राशन किटें व जरूरी सामान पंहुचाने का काम किया है। साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौके पर पहुंचे व केंद्रीय मदद के लिए कदम आगे बढ़ाया है। जबकि राजस्व मंत्री राहत व बचाव कार्य चलाने की बजाय 25 दिनों तक सचिवालय में ही बैठे रहे। लोगों के आवाज उठाने पर राजस्व मंत्री आखिर 25 दिनों के बाद आपदा प्रभावित क्षेत्र पहुंचे, जिस पर लोगों की समस्या सुनते हुए उन्हें मदद न करने की बात तक कह दी।