इस अवसर पर दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, उप महापौर जयभगवान यादव, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन प्रवेश वाही, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, दिल्ली प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, दिल्ली प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, कार्यक्रम संयोजक व पार्षद शशि यादव और दिल्ली नगर निगम के आयुक्त अश्वनी कुमार उपस्थित रहे।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय देश के भविष्य को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकता है। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का आशय है कि देश में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराए जाएं।
महापौर ने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ से चुनावी प्रक्रिया में सुधार और पारदर्शिता आएगी। सभी चुनाव एक साथ होने से चुनाव आयोग अपनी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकेगा। इससे शासन में स्थिरता और नीतियों के क्रियान्वयन में गति आएगी। इससे चुनावों पर होने वाले व्यय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे आर्थिक संसाधनों की बचत होगी और चुनाव प्रक्रिया में धनबल की भूमिका भी सीमित की जा सकेगी।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि आज छात्रों ने इस विषय पर अपने-अपने विचार साझा किए जो यह दर्शाता है कि हमारी युवा पीढ़ी भी ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ के विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ से विभिन्न चुनाव प्रक्रियाओं पर खर्च होने वाली राशि में कमी आएगी जिससे भविष्य में सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।