चौकी के अंदर लेटे मिले चौकी इंचार्ज, एसएसपी ने किया सस्पेंड

मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

एसएसपी ने पहले ही जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया था कि वे सावन के दौरान कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगातार भ्रमणशील रहें और श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखें।

इसी क्रम में शनिवार को एसपी सिटी कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर रहे थे। वैरियर-वन चौकी पर पहुंचे तो चौकी प्रभारी अपनी टीम समेत गैरहाजिर मिले। चौकी के अंदर खुद प्रभारी आराम कर रहे थे।

एसएसपी ने इस लापरवाही को बेहद गंभीरता से लिया और चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही अन्य पुलिस अधिकारियों को भी सख्त चेतावनी दी गई है कि ड्यूटी में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।