पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को जयंती पर याद किया
बिजनौर, 5 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक न्याय के योद्धा, पद्म भूषण से सम्मानित, लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलासपासवान की जयंती नगर की वाल्मीकि बस्ती स्थित धर्मशाला में शनिवार काे मनाई गई। इस अवसर पर स्व. रामविलास पासवान को स्मरण करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
पार्टी के जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान दलित, शोषित और सर्वहारा वर्ग की लड़ाई आयु पर्यंत लड़ते रहे। आज उनकी जयंती पर हम संकल्प लें कि हम उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
जिला प्रवक्ता वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान अपनी युवावस्था से ही एक जुझारू तथा ज़मीन से जुड़े नेता रहे। उन्होंने पूरे राजनीतिक जीवन में सदैव वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। बिजनौर से उनका गहरा नाता रहा। उनके द्वारा जलाई हुई मशाल को हमें आगे ले जाना है और वंचितों और शोषितों को उनका अधिकार दिलाने में तन, मन से काम करना है।
जिला महासचिव यादराम सिंह ने स्वर्गीय पासवान द्वारा बिजनौर में लड़े गए चुनाव को याद किया और उनकी विचारधारा पर चलते हुए पार्टी को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भ्रष्टाचार विरोधी एवं प्रगतिशील मंच के अध्यक्ष के के रंजन ने भी दिवंगत नेता की जयंती पर उन्हें पुष्प अर्पित किए और उनके कार्यों का स्मरण किया।
सभा की अध्यक्षता भ्रष्टाचार विरोधी एवं प्रगतिशील मंच के उपाध्यक्ष डॉ यादराम ने की। इस अवसर पर जिला सचिव दिनेश कुमार, बिजनौर नगर उपाध्यक्ष अवनीश कुमार शर्मा, नगर महासचिव हरिश्चंद्र गुप्ता, बिजनौर नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, सफाई कर्मचारी परिषद के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश, हर्ष गौतम, सनी, जितेंद्र, राजू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।———–