हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक 25 जुलाई की देर रात शास्त्री पार्क चौक के पास एक चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घायलों को पहले ही उनके दोस्तों द्वारा अस्पताल ले जाया जा चुका था। जहां से उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बाद में घायल गणेश ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे उसके दोस्त विकास ने उसे शास्त्री पार्क चौक बुलाया था। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि विकास कुछ युवकों के साथ बहस कर रहा था। इसी दौरान आरोपित विकास और गुलशन पर हमला करने लगे। जब गणेश और गुलशन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो वे भी घायल हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि विकास और गौतम एक साथ चांदनी चौक में काम करते थे और उनके बीच किसी बात को लेकर गलतफहमी हो गई थी। उसी विवाद को सुलझाने के लिए गौतम ने विकास को मिलने बुलाया था, लेकिन बातचीत के दौरान झगड़ा बढ़ गया और गौतम ने अपने दोस्त हिदायतुल्ला के साथ मिलकर हमला कर दिया।