महिला समूहों ने सेंटरिंग प्लेट आपूर्ति से खोली आजीविका की नयी राह

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजनान्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के सामूहिक विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है। रायगढ़ ब्लॉक में लगभग 100 समूह की महिलाओं ने संकुल एवं ग्राम संगठन से सीआईएफ राशि के तहत 60 हजार रुपये से लेकर 3 लाख रुपये तक का लोन प्राप्त किया है। इन लोन की राशि से महिलाओं ने सेंटरिंग प्लेट बनवा कर उसे पीएम आवास सहित गांवों में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों के लिए किराये पर उपलब्ध करवा रही हैं। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि वे उद्यमिता की राह पर भी बढ़ चली हैं। सेंटरिंग प्लेट निर्माण के इस सफल उदाहरण ने अन्य महिला समूहों को भी प्रेरित किया है और वे भी इस व्यवसाय को अपनाने के लिए आगे आ रही हैं।
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास निर्माण में आवश्यक सेंटरिंग प्लेट की आपूर्ति अब ये महिलाएं खुद कर रही हैं, इससे एक ओर निर्माण की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को स्थायी रोजगार और आय का साधन भी मिल रहा है। जिससे वे अपने परिवारों को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करने में सक्षम हो रही हैं। महिलाओं की इस सहभागिता से पीएम आवास निर्माण में भी तेजी आई है।
ग्राम पंचायत बनोरा निवासी पुष्पांजलि निषाद ने बताया कि, पहले उनके समूह ने बैंक से सामूहिक लोन लेकर इस कार्य की शुरुआत की थी। शुरुआत में उन्होंने छोटे स्तर पर सेंटरिंग प्लेट का निर्माण किया और धीरे-धीरे काम को बढ़ाया। पहले इस काम के लिए उन्हें पर्याप्त वित्तीय मदद नहीं मिल रही थी, लेकिन बिहान योजना के अंतर्गत संकुल स्तरीय संगठन से मिले लोन के बाद उन्होंने इस कार्य को बड़े पैमाने पर कर रहे हैं। जिससे महिलाएं लखपति दीदी बनने की ओर अग्रसर हो रही हैं।