धौलपुर में खतरे के निशान के पार पंहुची चंबल नदी

जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है। आपदा प्रबंधन, चिकित्सा, जल संसाधन, विद्युत, पुलिस एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी, नालों से दूर रहें। किसी भी सूरत में ओवरफ्लो रपट को पार न करें। सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आमजन और पशुओं की सुरक्षार्थ तथा आवश्यक वस्तुओं की पूर्ति हेतु कार्मिक नियुक्त है। आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा जारी नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 05642-220033 पर तुरंत सूचित करें, ताकि समय पर राहत पहुंचाई जा सके। दूसरी ओर करौली सहित दूसरे क्षेत्रों में हुई बारिश की वजह से आंगई स्थित पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार पानी की आवक हो रही है। जिसके चलते शनिवार को आंगई बांध अपनी भराव क्षमता 223.41 मीटर के पास 223.20 मीटर पहुंच गया। जिसके बाद में सुबह 11 बजे बांध के चार गेट खोले गए हैं। आंगई बांध के गेट खोलकर 4523 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। पार्वती नदी में पानी छोड़े जाने के चलते संबंधित इलाके की पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।