जनता दरबार लोगों ने उठाया भ्रष्‍टाचार का मामला, एक डीलर निलंबित

जनता दरबार के दौरान टोंटो पंचायत के टेंसरा, बांदाबेड़ा, टोंटो, उद्लकम, टोपाबेड़ा, लिसीमोती और कुदामसादा गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और राशन वितरण में गड़बड़ी और लाभुकों के शोषण को लेकर नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ डीलर महीनों से राशन का समुचित वितरण नहीं कर रहे हैं और कार्डधारियों से मनमानी वसूली कर रहे हैं।

शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ सह आपूर्ति पदाधिकारी ने मौके पर ही जांच कराया। जांच के बाद कुदामसादा की डीलर को चेतावनी देते हुए एक अंतिम मौका दिया गया और तुरंत वंचित लाभुकों के बीच राशन वितरण कराने का निर्देश दिया गया।

वहीं लिसीमोती गांव की सैंया मसकल महिला समूह की डीलर की लाइसेंस में अनियमितता पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने मंत्री दीपक बिरुवा के समक्ष राशन वितरण में हो रही धांधली की शिकायत की थी। इसके बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। उसी कड़ी में जनता दरबार आयोजित किया गया।

जनता दरबार में कुदामसादा के ग्रामीण मुंडा मारतोम लागुरी, झामुमो टोंटो पंचायत समिति के अध्यक्ष प्रकाश लागुरी, कोषाध्यक्ष दिनेश तुम्बलिया, राम लागुरी, प्रदीप लागुरी, प्रखंड कार्यालय के मोहम्मद ग़ालिब समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।