मोदी ने ट्रंप का प्रचार किया और बदले में टैरिफ का पहला तोहफा मिला: रंधावा

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने दिल्ली रवाना होने से पहले बुधवार को जोधपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम बंदरगाह से पाकिस्तान के साथ व्यापार कर सकते हैं, लेकिन ट्रक से नहीं कर रहे हैं। सरकार को ऐसा कोई सिस्टम बनाना होगा, जिससे ट्रक से पाकिस्तान के रास्ते अरब देशों तक व्यापार हो सके और ट्रकों की जांच के लिए व्यापक व्यवस्था करनी होगी। रंधावा ने कहा कि जब समुद्री जहाज की जांच हो सकती है तो ट्रकों की भी जांच हो सकती है। रंधावा ने जोर दिया कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश तक के व्यापार को बचाना है तो इसे खोलना ही होगा।

अमरीका हमारे साथ कभी नहीं रहा

रंधावा ने कहा कि इतिहास उठाकर देख लीजिए अमेरिका ने कभी भी हमारा साथ नहीं दिया। ऑपरेशन सिंदूर में भी वह किसके साथ खड़ा था, सबको पता है। वर्ष 1971 की लड़ाई में भी वह हमारे साथ नहीं था, लेकिन हमने आंख दिखाई और अपनी बातों पर अडिग रहे थे। हमें रूस के साथ रिश्ते वापस मजबूत करने होंगे। हमें अपने हितों पर काम करना होगा ताकि देश मजबूत हो सके। हमारा देश अमेरिका के बिना भी चल सकता है।

कांग्रेस संगठन में कोई बदलाव पहीं

भाजपा सरकार के मंत्री सुमित गोदारा के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की कुर्सी जाने के बयान पर रंधावा बोले, कांग्रेस संगठन में बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं है। बहुत अच्छा काम हो रहा है। हमारे बीएलए बन गए है। हर स्तर पर संगठन सक्रिय है। हम भाजपा नेताओं के बयान पर ध्यान नहीं देते हैं।