नक्सली पोस्टरबाज़ी से दहशत, तीन अगस्त को झारखंड बंद का ऐलान

नक्सलियों ने मनोहरपुर-जराईकेला और मनोहरपुर-जामदा मुख्य मार्ग के अलावा कमारबेड़ा, डुकरीडीह, पात्थरवासा और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में दीवारों, पेड़ों और सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर चिपकाए। इन पोस्टरों में सुरक्षा बलों की ओर से चलाए जा रहे अभियान का विरोध किया गया है और 28 जुलाई से तीन अगस्त तक शहीद सप्ताह मनाने के साथ-साथ तीन अगस्त को झारखंड समेत पांच राज्यों में बंद का ऐलान किया गया है।

इस घटनाक्रम ने ग्रामीणों के बीच असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है। सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस हरकत में आ गई और अलग-अलग स्थानों से सभी पोस्टर जब्त कर लिए गए। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

इधर, नक्सलियों द्वारा बंद के ऐलान को लेकर रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है और ट्रेनों की आवाजाही पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्री सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।