जानकारी के अनुसार घटना कुक्षी से करीब सात किलोमीटर दूर आली गांव में सुबह करीब 10:30 बजे की है। यहां धूलबहेड़ी मोहल्ले में कालू सिंह अपने परिवार के साथ रहते है। शुक्रवार सुबह कालू सिंह खेत पर गए थे। घर में पत्नी सोना बाई और साढ़े चार साल का बेटा विकास था। सोना बाई घर में काम कर रही थी जबकि विकास आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान जाेबट निवासी महेश मायड़ा बाइक से वहां पहुंचा।
घर में घुसते ही उसने बच्चे पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। उसने बच्चे के सिर और हाथ पर वार किया। पलक झपकते ही मासूम का सिर, धड़ से अलग हो गया। मां सोना बाई बचाने आई, तो महेश ने उसके कंधे और हाथ में हमला किया। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े। भीड़ काे आता देख महेश भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाइक भी जब्त की है। फिलहाल, वारदात की वजह का पता नहीं चल पाया है। इधर बच्चे की माैत से परिवार पर दुखाें का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और पिता दाेनाें का राे राेकर बुरा हाल है। सोना बाई ने बताया कि आरोपी सुबह से बाइक लेकर गांव में घूम रहा था। वह घर में कब घुस गया, पता नहीं चला।
कुक्षी थाना प्रभारी राजेश यादव ने कहा कि आरोपी ने बच्चे की गर्दन पर वार किया था। एफएसएल टीम भी साक्ष्य जुटाने के लिए पहुंची है। आरोपी को कस्टडी में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।