बिहार कांग्रेस के एआई वीडियो को मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया शर्मनाक

मंत्री सिरसा ने एक्स पोस्ट में कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस मोदी से नफरत करते-करते इस हद तक गिर गए हैं कि बार-बार उनकी दिवंगत मां का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस और गांधी परिवार के संस्कार और सोच देखकर हर भारतीय यही कह रहा है- मां का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान।

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है किस तरह से इस देश की मातृशक्ति और मातृत्व, कांग्रेस की घटिया राजनीति के निशाने पर है। धिक्कार है कांग्रेस की ऐसी ओछी राजनीति पर! धिक्कार है उन लोगों पर जो मातृत्व का अपमान कर अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि बिहार कांग्रेस के जरिए पोस्ट एआई जनरेटेड वीडियो में कथित तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत मां जैसे दो किरदार दिखाई दे रहे हैं। 10 सितंबर को बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर इस एआई वीडियो को जारी किया था। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने इस वीडियो को मातृत्व का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर हमला बोला था।