सड़क निर्माण को लेकर आक्रोश, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा क्षेत्र में जी लाल गली जीप स्टैंड रोड पर पीसीसी सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा उभर कर सामने आ रहा है। सोमवार को ग्रामीणों ने इस मुद्दे पर बड़ाजामदा पंचायत की मुखिया प्यारवती देवगम को मांग पत्र सौंपते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में यह सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। अक्सर लोग इस रास्ते से गुजरते समय फिसलकर घायल हो जाते हैं। इस समस्या को लेकर जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु को भी कई बार लिखित आवेदन दिया गया है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है।

अब बड़ाजामदा वासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अगर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन की राह अपनाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को इस दिशा में तत्काल कदम उठाना चाहिए।