राधाकृष्णन को मंगलवार को देश के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में चुना गया। राज्यसभा महासचिव और निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया, जिससे 98.2 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
राजग उम्मीदवार राधाकृष्णन को 452 वोट प्राप्त हुए, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। परिणामों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को बधाई दी और विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति भारत के संवैधानिक मूल्यों को और मजबूत करेंगे तथा संसदीय संवाद में सकारात्मक योगदान देंगे।
उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल का पद छोड़ दिया। राष्ट्रपति ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपने कर्तव्यों के अतिरिक्त, महाराष्ट्र के राज्यपाल के कार्यों का भी कार्यभार सौंपा है।