मुख्यमंत्री फडणवीस ने किया ‘पुणे ग्रैंड टूर 2026’ का लोगो और जर्सी लॉन्च

पुणे, 29 अक्टूबर । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को द वेस्टिन होटल, पुणे में भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग रेस ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026’ के लोगो और जर्सी का अनावरण किया। यह आयोजन महाराष्ट्र सरकार, पुणे जिला प्रशासन और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक इवेंट पुणे की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और खेल विरासत को समर्पित है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह प्रतियोगिता पुणे की पहचान को फिर से “सिटी ऑफ साइकिल्स” के रूप में स्थापित करेगी और पर्यटन, स्वास्थ्य व पर्यावरण जागरूकता को नया आयाम देगी। उन्होंने कहा, “पुणे सदैव साइक्लिंग का केंद्र रहा है, और ‘पुणे ग्रैंड टूर’ इस परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा। यह आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा देगा, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण के संदेश को भी सशक्त करेगा।”

उपमुख्यमंत्री और पुणे के पालकमंत्री अजीत पवार ने इसे महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह आयोजन सह्याद्री की घाटियों से गुजरते हुए 200 से अधिक गांवों को जोड़ेगा। उन्होंने कहा, “यह केवल खेल नहीं बल्कि स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन और विकास का उत्सव है।”

केंद्रीय युवा कार्य और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “फिट इंडिया मूवमेंट” और “2036 ओलंपिक विजन” से जुड़ा एक प्रेरणादायी कदम है। उन्होंने बताया कि “संडेज ऑन साइकिल” जैसे अभियानों से देशभर में साइक्लिंग एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें हर हफ्ते 5,000 से अधिक स्थानों पर करीब 5 लाख लोग भाग लेते हैं।

स्मृति स्वरूप के रूप में कार्यक्रम में ‘इंदु’ नामक शुभंकर (मैस्कॉट) भी लॉन्च किया गया, जो भीमाशंकर के जंगलों में पाई जाने वाली दुर्लभ भारतीय विशाल गिलहरी से प्रेरित है। यह चपलता, सहनशीलता और पर्यावरणीय संतुलन का प्रतीक है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने 77 वर्षीय वरिष्ठ साइक्लिस्ट निरुपमा भावे के साथ प्रीति म्हास्के, प्रणिति सोमन, भरत सोनवणे, आकाश मेहत्रे और पूजा दनोल को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एशियन साइक्लिंग महासंघ के अध्यक्ष दातो अमरजीत सिंह गिल, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव दातो मनिंदर पाल सिंह, शहरी विकास राज्यमंत्री माधुरी मीसल, पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के नगर आयुक्त, जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी और खेल आयुक्ता शीतल तेली-उगले सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

‘पुणे ग्रैंड टूर 2026’ का मुख्य प्रायोजक बजाज ग्रुप है, जबकि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, चितले बंधु और पंचशील ग्रुप इसके सहयोगी हैं। यह आयोजन न केवल पुणे बल्कि पूरे भारत के लिए साइक्लिंग, फिटनेस और पर्यटन के नए युग की शुरुआत करेगा।