सड़क हादसे में ठेका मजदूर की मौत

जानकारी के अनुसार, अजीत प्रमाणिक टाटा स्टील में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत था। रविवार को वह अपने साथी मजदूर को पश्चिम बंगाल के बराबाजार स्थित घर छोड़ने गया था। लौटते समय गुगलूबनी और मुकरूडीह गांव के बीच निर्माणाधीन सड़क पर बिछी गिट्टी के कारण बाइक फिसल गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी और भारी रक्तस्राव होने से वह बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अजीत की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। पत्नी सुमित्रा प्रमाणिक, बेटे शिवनाथ और सोमनाथ तथा मां मंथरा प्रमाणिक का रो-रोकर बुरा हाल था। दीपावली जैसे पर्व पर हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जहां जेएलकेएम नेता देवव्रत महतो और पीएलवी निताई चंद्र गोराई ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। बोड़ाम थाना के सहायक अवर निरीक्षक मोहम्मद मजीद भी मौके पर मौजूद थे।

मृतक के बड़े भाई रंजीत प्रमाणिक ने बताया कि अजीत पिछले तीन महीने से टाटा स्टील में मजदूरी कर रहा था और सप्ताह में एक दिन घर आता था। दीपावली की शाम उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार और गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।