सैलून तोड़फोड़ मामले पर पूर्व भाजपा नेता ने जताया आक्रोश

बिस्टुपुर कॉन्ट्रैक्टर एरिया स्थित दिलीप चौधरी की सैलून में सोमवार को हुई तोड़फोड़ के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विकास सिंह ने कहा कि आज तक उन्होंने इस तरह की “मर्दानी ताकत” कभी नहीं देखी। उनका कहना था कि जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया, वह कानून के भय से परे है और इसी वजह से उसने इतना बड़ा कदम उठाया।

विकास सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में जिले के थानेदारों की कमजोरी सभी जानते हैं। अपराध चाहे कितना भी बड़ा हो, थानेदार अक्सर अपराधियों को बचाने में लगे रहते हैं। उन्होंने जमशेदपुर, विशेषकर पश्चिम विधानसभा में अपराधियों के बढ़ते बोलबाले पर चिंता जताई और कहा कि अब यह जिला प्रशासन के काबू में नहीं रह गया है।

पूर्व नेता ने तंज कसते हुए कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि सैलून में तांडव किसने मचाया, लेकिन जिसने भी यह कार्य किया है, उसकी “मर्दानी ताकत” को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि इस युवा को सम्मानित किया जाए।

विकास सिंह ने पूरे मामले में लगभग 24 घंटे बीत जाने के बावजूद सांसद और विधायक की चुप्पी पर भी सवाल उठाया और दिलीप चौधरी को न्याय दिलाने की बात कही।